पूर्णिया में मिनी गन फैक्ट्री कोलकाता एवं पटना STF टीम ने किया खुलासा

पूर्णिया में भूमिगत मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद

धमदाहा/संवाददाता

पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ईटहरी पंचायत के हरिपुर वार्ड संख्या-01 में संचालित भूमिगत मिनी गन फैक्ट्री का एसटीएफ एवं स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस बड़ी कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से 10 अर्धनिर्मित पिस्टल, हथियार बनाने के उपकरण एवं कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

जानकारी के अनुसार, कोलकाता एवं पटना से पहुंची एसटीएफ टीम ने धमदाहा थाना एवं भवानीपुर थाना पुलिस के सहयोग से हरिपुर गांव में लगातार कई घंटों तक छापेमारी अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि यह मिनी गन फैक्ट्री जमीन के नीचे बने गुप्त तहखाने और बंकरनुमा कमरे में संचालित की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, हरिपुर निवासी सुरेंद्र मंडल के घर में यह अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि मुंगेर के हथियार कारोबारियों के नेटवर्क से जुड़े लोग पिछले पांच से छह वर्षों से यहां अवैध हथियार निर्माण का कार्य कर रहे थे।

छापेमारी के दौरान मुंगेर जिले के निवासी मोहम्मद अनवर खान, मोहम्मद आफताब, मिट्ठू कुमार तथा गब्बर राय को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने फैक्ट्री तक पहुंचने के लिए जेसीबी मशीन मंगाकर भूमिगत संरचना को ध्वस्त किया और अंदर से हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें एवं सामग्री बाहर निकाली।

इस कार्रवाई में धमदाहा थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप गोल्डी, कोलकाता एसटीएफ तथा पटना एसटीएफ की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने इसे एसटीएफ की बड़ी उपलब्धि बताया है।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के कई गांवों से हजारों की संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इलाके में दिनभर दहशत और चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!