रंगोली बनाकर और सामूहिक शपथ लेकर महिलाओं ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प, जलालगढ़, भवानीपुर एवं के.नगर सहित कई क्षेत्रों में चला जागरूकता अभियान।

पूर्णिया, 6 नवंबर 2026।
बिहार को नशामुक्त बनाने की मुहिम अब गांव-गांव तक पहुंचने लगी है। नशामुक्त बिहार अभियान के द्वितीय चरण ‘गाँव का संकल्प’ के तहत शुक्रवार को पूर्णिया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जीविका दीदियों ने जागरूकता अभियान चलाकर नशे के खिलाफ आवाज बुलंद की।
जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा०प्र०से०) के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने जागरूकता रैली निकालकर आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में महिलाओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर नशामुक्ति का संदेश दिया और सामूहिक रूप से नशामुक्त परिवार एवं समाज बनाने की शपथ ली। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

इस अभियान में निर्मल जीविका महिला संकुल संघ, ज्योति जीविका महिला संकुल संघ एवं आस्था जीविका महिला संकुल संघ सहित अन्य महिला संकुल संघों की जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिले के जलालगढ़, भवानीपुर एवं कृत्यानंदनगर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
अभियान का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर सामूहिक सहभागिता और जन-जागरूकता के जरिए नशामुक्त परिवार, समाज और बिहार के निर्माण के संकल्प को मजबूत करना है।

