“ज्ञान भारतम् मिशन” के तहत पारंपरिक धरोहरों के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण को लेकर जागरूकता अभियान

दिनांक :14/05/2026,

“ज्ञान भारतम् मिशन” के तहत पारंपरिक धरोहरों के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण को लेकर जागरूकता अभियान

भारत सरकार एवं बिहार सरकार द्वारा पारंपरिक भारतीय ज्ञान, कला, संस्कृति एवं हस्तलिखित पांडुलिपियों के संरक्षण, डिजिटलीकरण और संवर्धन हेतु चलाए जा रहे “ज्ञान भारतम् मिशन” के अंतर्गत पूर्णिया जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से सहयोग एवं सहभागिता की अपील की गई है।

जिलाधिकारी पूर्णिया के निर्देशानुसार जिले में ऐसे सभी व्यक्तियों, संस्थानों, मंदिरों, मठों, पुस्तकालयों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से अनुरोध किया गया है कि जिनके पास प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित दस्तावेज, धार्मिक ग्रंथ, ताड़पत्र, भोजपत्र, पुराने पत्र, दुर्लभ पुस्तकें अथवा अन्य सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित हैं, वे उनके संरक्षण एवं डिजिटलीकरण के लिए आगे आएं।

जिला प्रशासन ने कहा है कि यह अभियान हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और ऐतिहासिक धरोहरों को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

इन अमूल्य धरोहरों का डिजिटलीकरण होने से शोध, अध्ययन एवं सांस्कृतिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

इस अभियान के तहत संबंधित सामग्री का सूचीकरण, संरक्षण तथा डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास उपलब्ध ऐसी धरोहरों की जानकारी जिला प्रशासन को दें एवं इस जनहितकारी अभियान में सहभागी बनें।

जिला प्रशासन पूर्णिया द्वारा नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि हमारी सांस्कृतिक विरासत केवल अतीत की पहचान नहीं, बल्कि भविष्य की अमूल्य पूंजी भी है।

इसलिए सभी नागरिक इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी धरोहरों को सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!