- अंतर्राष्ट्रीय पैराशूटर संजीव कुमार का बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में हुआ अभिनंदन
- हौसलों की राइड पर निकले हैं संजीव
पटना,6 अप्रैल 2026:- अंतर्राष्ट्रीय पैराशूटर संजीव कुमार गिरि आज ‘हौसलों की राइड’ यात्रा के दौरान पाटलिपुत्र खेल परिसर पहुंचे।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने अंग वस्त्र और बोधी वृक्ष का प्रतीक चिह्न देकर उनका अभिनंदन और उत्साहवर्धन किया।
श्री शंकरण ने बताया कि पूर्व सैन्य अधिकारी गणेशानंद गिरि के पुत्र अंतरराष्ट्रीय पैराशूटर संजीव कुमार गिरि फिलहाल चेन्नई में भारतीय सांख्यिकी एवं लेखा विभाग में ऑडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

साथ ही पैराशूटिंग प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। अब तक इन्हें डेढ़ दर्जन से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में पदक प्राप्त हो चुके हैं। हौसलों की राइड यात्रा’ इन्होंने नई दिल्ली से शुरू की थी। एक विशेष वाहन से चार राज्यों और तीन हजार किलोमीटर यात्रा करने का संकल्प लेकर दिल्ली, हरियाणा,उत्तर प्रदेश एवं बिहार राज्य के कई जिलों से होते हुए यहां बिहार राज्य खेल प्राधिकरण आए हैं जो हम सभी के लिए बहुत खुशी की बात है।

श्री संजीव कुमार ने खेल प्राधिकरण के अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के समक्ष अपने अनुभव और इस यात्रा का उद्देश्य विस्तार से साझा किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मूल उद्देश्य नई पीढ़ी के लोगों को खेलकूद एवं सेहत के प्रति जागरूक करना है। साथ ही पैराशूटिंग को पहचान दिलाना और यह साबित करना है कि सीमाएं शरीर में नहीं, सोच में होती हैं। कहा कि उनका लक्ष्य पैरालंपिक और एशियन खेलों में देश के लिए पदक जीतना है। साथ ही युवाओं से बड़े सपने देखने और उसे साकार करने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।

