संवाददाता आकाश कुमार बिहार के आरा से
आरा। भोजपुर के करनामेपुर थाना क्षेत्र में यूपी की एक नर्तकी के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की रात की है। बताया जा रहा है कि विरोध करने पर नर्तकी के साथ मारपीट भी की गयी है। हालांकि सूचना मिलने के बाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों कारनामेपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। पुलिस नर्तकी की मेडिकल जांच और बयान दर्ज कराने के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।

बताया जा रहा है कि यूपी के आजमगढ़ इलाके की रहने वाली नर्तकी करनामेपुर थाना क्षेत्र में एक गांव में किराये के मकान में रहती है। वह उसी थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति की नाच पार्टी में डांसर का काम करती है। शनिवार की शाम वह उसी थाना क्षेत्र में कार्यक्रम में गयी थी। उसी दौरान तीन आरोपितों द्वारा उसे बहला फुसलाकर दूसरी जगह ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गयी। रविवार को नर्तकी और नाच पार्टी के संचालक की शिकायत पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर, मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस नर्तकी की मेडिकल जांच कराये जाने के साथ ही कोर्ट में बयान दर्ज कराने में जुटी है।

