प्रधानमंत्री आवास योजना आवास सर्वे के नाम पर प्रति लाभार्थी ₹1500 से ₹2000 की अवैध वसूली, वार्ड सदस्य पति एवं आवास सहायक के विरुद्ध थाना में प्राथमिकी दर्ज

श्री अंशुल कुमार, जिला पदाधिकारी पूर्णिया द्वारा प्रदत्त निर्देश के आलोक में निदेशक, डीआरडीए एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी कसबा द्वारा शनिवार को संयुक्त रूप से ग्राम पंचायत–संझैली,प्रखंड कसबा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास सर्वे में अनियमितता की जाँच ग्राम पंचायत मझौली वार्ड संख्या–05, में स्थल पर जाकर किया गया।

इस क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी,कसबा को दिनांक 15 जनवरी 2026 को आवेदन लाभुक द्वारा दिया गया था। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के अंतर्गत जियो टैग होने के बावजूद सूची में नाम शामिल नहीं किए जाने का परिवाद दिया गया था। जिसके संबंध में स्थल पर जाकर संबंधित अधिकारियों द्वारा 10 आवेदकों से गहन पूछ-ताछ की गई तथा उनके बयान भी दर्ज किया गया।

जाँच के दौरान सभी आवेदकों द्वारा बताया गया कि आवास सर्वे के क्रम में वार्ड संख्या–05 के वार्ड सदस्य पति श्री अली हसन एवं ग्राम पंचायत–संझैली के तत्कालीन ग्रामीण आवास सहायक श्री जयशंकर कुमार अंशु द्वारा प्रति लाभार्थी ₹1500 से ₹2000 की अवैध राशि की वसूली की गई तथा आवास का जियो टैग भी किया गया। किन्तु चेकर सत्यापन के समय किसी भी आवेदक का नाम आवास सूची में शामिल नहीं पाया गया।
तत्पश्चात प्राप्त तथ्यों के आधार पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, कसबा द्वारा वार्ड सदस्य पति श्री अली हसन एवं तत्कालीन ग्रामीण आवास सहायक श्री जयशंकर कुमार अंशु, ग्राम पंचायत–संझैली के विरुद्ध कसबा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही, तत्कालीन ग्रामीण आवास सहायक श्री जयशंकर कुमार अंशु के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!