श्री अंजनि कुमार, उप विकास आयुक्त, पूर्णिया द्वारा प्रखंड बैसा अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक एवं निर्माणाधीन योजनाओं का निरिक्षण एवं क्षेत्र भ्रमण किया गया I
सर्वप्रथम मनरेगा, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना तथा प्रतीक्षा सूची सत्यापन कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), बैसा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा उपस्थित रहे। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों का निष्पादन गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। समीक्षा के उपरांत, प्रखंड बैसा में पंचायत समिति मद से निर्माणाधीन मीटिंग हॉल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा को कार्य अविलंब पूर्ण कर भवन को क्रियाशील करने एवं निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार संपन्न कराने हेतु निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के क्रम में प्रखंड परिसर में निर्माणाधीन जीविका भवन का निरीक्षण किया गया। भवन का प्लास्टर कार्य पूर्ण पाया गया। कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), बैसा को निर्देशित किया गया कि प्लास्टर किए गए भागों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, जिससे भवन की मजबूती बनी रहे। साथ ही पुट्टी कार्य अविलंब पूर्ण कराते हुए निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा द्वारा अवगत कराया गया कि प्रखंड भवन निर्माण हेतु स्वीकृत है। इस क्रम में उप विकास आयुक्त, पूर्णिया द्वारा कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, पूर्णिया को अग्रेतर कार्रवाई नियमानुसार प्रक्रिया के तहत् सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड परिसर में अवस्थित आपदा भवन बाहर से जर्जर पाया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा को आपदा भवन की मरम्मत कार्य को नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही प्रखंड परिसर में अवस्थित सामुदायिक स्वच्छता परिसर में दैनिक साफ-सफाई एवं जलापूर्ति की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा को निर्देशित किया गया। तत्पश्चात उप विकास आयुक्त, पूर्णिया द्वारा ग्राम पंचायत शिसाबाड़ी में निर्मित वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (WPU) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में WPU अक्रियाशील पाया गया एवं उसका समुचित उपयोग नहीं हो रहा था।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा द्वारा बताया गया कि आवश्यक सामग्री की क्रय प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई हैI बावजूद इसके WPU में ई-रिक्शा एवं पी-रिक्शा उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा को निर्देश दिया गया कि प्रखंड अंतर्गत निर्मित सभी WPU को पूर्ण रूप से क्रियाशील करना सुनिश्चित करेंगे तथा पंचायतों में नियमित रूप से कचरा उठाव का कार्य सुनिश्चित करायेंगेI
इसके उपरांत शिसाबाड़ी पंचायत में मनरेगा मद से क्रियान्वित वृक्षारोपण कार्य का निरीक्षण किया गया एवं संबंधित को वृक्षारोपण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं सतत देख-रेख के साथ सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित किया गया। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त, पूर्णिया द्वारा बैसा प्रखंड अंतर्गत मालोपड़ा पंचायत के मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की लाभुक श्रीमती रेशमी देवी, पति श्री बिनेश हरिजन के निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया गया।

लाभुक से संवाद स्थापित करते हुए संबंधित को आवास निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा को नियमानुसार आवास निर्माण अविलंब पूर्ण कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत मालोपड़ा में पंचायत समिति मद से निर्मित कब्रिस्तान घेराबंदी कार्य का निरीक्षण किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा को कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही ग्राम पंचायत मालोपड़ा में मनरेगा मद से क्रियान्वित वृक्षारोपण कार्य का निरीक्षण किया गया एवं कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा, बैसा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। तत्पश्चात उप विकास आयुक्त, पूर्णिया द्वारा ग्राम पंचायत मालोपड़ा अंतर्गत डुमरिया गाँव का भ्रमण किया गया। इस क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैसा को डुमरिया गाँव में योग्य लाभुकों को आवास योजनाओं से नियमानुसार लाभान्वित करने हेतु निर्देशित किया गया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत रायबेर में जिला परिषद मद से निर्माणाधीन कब्रिस्तान घेराबंदी कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित कनीय अभियंता, जिला परिषद, बैसा को अविलंब गेट लगवाते हुए सेकेंड कोट का कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया।
अंत में उप विकास आयुक्त, पूर्णिया द्वारा प्रखंड अमौर अंतर्गत मनरेगा कार्यों की समीक्षा बैठक की गई। समीक्षा के दौरान कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, अमौर एवं सभी मनरेगा उपस्थित रहेI उपस्थित सभी कर्मियों एवं कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), आमौर को निर्देशित किया गया कि मनरेगा के प्रत्येक कंडिकाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें तथा e-KYC का कार्य अविलंब शत-प्रतिशत पूर्ण करें।

