डालखोला चेकपोस्ट से कार में छिपाकर ले जाई जा रही 258.990 लीटर विदेशी शराब जब्त
पूर्णिया। जिला पदाधिकारी पूर्णिया श्री अंशुल कुमार भा०प्र०से० के दिशा-निर्देश में जिला मद्यनिषेध कार्यालय द्वारा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 263.490 लीटर विदेशी शराब और 17.500 लीटर देशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

डालखोला चेकपोस्ट पर बड़ी बरामदगी
वाहन जांच के दौरान एक कार की तलाशी लेने पर उसमें से 258.990 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए संबंधित कार को जब्त कर लिया गया।
सदर पूर्णिया में चार गिरफ्तार सदर पूर्णिया क्षेत्र में धारा 30(a) के तहत कार्रवाई करते हुए 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से मौके पर 14.500 लीटर देशी शराब बरामद की गई।
जानकीनगर क्षेत्र में महिला गिरफ्तार

मद्यनिषेध थाना धमदाहा की टीम ने शुक्रवार को अभयराम चकला (संथाली टोला), थाना जानकीनगर क्षेत्र में छापेमारी कर 01 महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 03 लीटर देशी शराब बरामद हुई। मामले में धारा 30(a) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

डालखोला में दूसरी कार्रवाई, महिला गिरफ्तार
डालखोला चेकपोस्ट पर एक अन्य कार्रवाई में 01 महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 4.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

जिला प्रशासन पूर्णिया द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

