नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने नियुक्त किए प्रमंडलीय कॉर्डिनेटर

नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने नियुक्त किए प्रमंडलीय कॉर्डिनेटर

पटना. मंगलवार, 3 फरवरी, 2026

बिहार कांग्रेस ने एआईसीसी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे अपने कार्यक्रम नेशनल टैलेंट हंट मुखर आवाज के सफल संचालन के लिए राज्य में कमिटी की घोषणा कर दी है। इकत्तीस सदस्यीय ये कमिटी राज्य भर में टैलेंट हंट आयोजित करेगी। इस प्रतियोगिता के जरिए पार्टी राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट, शोधकर्ता और पब्लिसिटी विभाग के लिए लोगों का चयन करेगी। ये कमिटी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे के निर्देश पर काम करेगी। पार्टी ने इसके लिए प्रदेश नेता असित नाथ तिवारी को राज्य संयोजक, राजीव मेहता को सह संयोजक और प्रदेश सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन सौरभ कुमार सिन्हा को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया है। कमिटी में पार्टी के सभी आनुषांगिक संगठनों को शामिल किया गया है। एससी-एसटी विभाग से लालू सदा, महिला कांग्रेस से विनीता भगत, अल्पसंख्यक कांग्रेस से दौलत इमाम, युवा कांग्रेस से करुण पासवान और छात्र संगठन एनएसयूआई से प्रदेश अध्यक्ष सूरज सिंह यादव को प्रतिनिधि बनाया गया है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार राम द्वारा गठित इस कमिटी में जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजन के लिए नौ क्षेत्रीय समन्यवयक बनाए गए हैं। ये क्षेत्रीय समन्वयक संबंधित जिला अध्यक्ष के साथ समन्वय बनाकर प्रतियोगिता आयोजित करेंगे। इसके लिए मगध प्रमंडल की जिम्मेदारी खालिद अमीन,पटना प्रमंडल की जिम्मेदारी दौलत इमाम, दरभंगा की जिम्मेदारी कमल कमलेश, भागलपुर की जिम्मेदारी निखिल कुमार, तिरहुत की जिम्मेदारी कृपाशंकर शाही, सारण की जिम्मेदारी डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, कोसी की जिम्मेदारी मिहिर झा, पूर्णिया की जिम्मेदारी करुण पासवान और मुंगेर की जिम्मेदारी राजीव मेहता को दी गई है। इन सभी लोगों को काम में मदद के लिए नौ सह समन्वयक बनाए गए हैं। पार्टी ने इसके लिए चार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। हेल्पलाइन डेस्क की जिम्मेदारी पंकज यादव, नदीम अख्तर, शिवम राय और डॉ परवेज़ हसन को दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!