एसआरपीबी कॉलेज में नामांकन के नाम पर 500 रुपए की वसूली! कुलपति बने दर्शक : बिस्मिल

एसआरपीबी कॉलेज में नामांकन के नाम पर 500 रुपए की वसूली! कुलपति बने दर्शक : बिस्मिल

पूर्णिया। छात्र राजद पूर्णिया जिला ईकाई के जिला अध्यक्ष सह जिला प्रभारी मोहम्मद बिस्मिल ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एसआरपीबी महाविद्यालय, डगरूआ पर छात्र-छात्राओं से अवैध शुल्क वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा यूजी सत्र 2024-28 के तृतीय सेमेस्टर नामांकन प्रक्रिया जारी है, लेकिन इस दौरान प्राइवेट महाविद्यालय एसआरपीबी कॉलेज में छात्रों को जबरन एवं धमकी देकर नामांकन के नाम पर 500 रुपए अवैध रूप से वसूले जा रहे हैं। पैसे देने से इंकार करने वाले छात्रों के साथ बदसलूकी एवं धमकी दी जा रही है।


बिस्मिल ने बताया कि विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने सभी कॉलेजों को स्पष्ट आदेश जारी किया है कि नामांकन/रजिस्ट्रेशन के नाम पर किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। इसके बावजूद कॉलेज प्रबंधन विश्वविद्यालय के आदेश की खुलेआम अवहेलना कर रहा है।
जिलाध्यक्ष बिस्मिल ने आरोप लगाया कि छात्र राजद द्वारा पहले भी इस मामले में माननीय कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कुलपति “मूकदर्शक” बनकर केवल मामले को देखते रह गए और कॉलेज के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी का परिणाम है कि आज छात्रों से वसूली का सिलसिला जारी है।
उन्होंने आगाह किया कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन अब भी कार्रवाई नहीं करता है, तो छात्र राजद पूर्णिया जिला इकाई एसआरपीबी महाविद्यालय और पूर्णिया विश्वविद्यालय का घेराव कर आंदोलन को तेज करेगी।
बिस्मिल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार लापरवाह रुख अपनाए हुए है। बायसी अनुमंडलीय डिग्री महाविद्यालय के छात्रावास को खोलने की मांग महीनों से लंबित है, लेकिन विश्वविद्यालय सिर्फ टालमटोल कर रहा है। यदि जल्दी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो छात्र संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!