स्कूटी से स्कूल जा रही महिला टीचर को कनपटी में सटाकर गोली मार दी गई है, बिहार में बीच सड़क मर्डर
बिहार के अररिया जिले में स्कूटी से स्कूल जा रही एक शिक्षिका को बाइक सवार दो बदमाशों ने कनपटी में सटाकर गोली मार दी। इससे शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार की सुबह जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के खाबदह कन्हैली की है। मृतक शिक्षिका शिवानी कुमारी (28 वर्ष) मध्य विद्यालय खाबदह कन्हैली में पदस्थापित थी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली शिवानी कुमारी रोज की तरह फारबिसगंज स्थित डेरा से अपनी स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। स्कूल से सौ मीटर पहले शिवमंदिर के समीप एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने स्कूटी के नजदीक जा कर उनकी कनपटी में गोली मार दी। गोली लगते ही वे सड़क पर गिर गईं।

घटना की सूचना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद ग्रामीण सुधीर यादव व गौरव कुमार ने शिक्षिका को एक कार पर लाद कर सदर अस्पताल अररिया लाया। जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी सुधीर यादव ने बताया कि वे अपने खेत में गेंहू की बुआई कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों को स्कूल की ओर भागते देखा। वो भी दौड़ कर वहां पहुंचे। शिवानी मैडम खून से लथपथ सड़क पर पड़ी थीं। इसके बाद वे और गौरव उन्हें लेकर अस्पताल आए।
सुधीर के अनुसार दो नकाबपोश बदमाश अपाचे बाइक पर आए थे। वो शिक्षिका को नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए। मृतका शिवानी कुमारी करीब दो साल से इस स्कूल में शिक्षिका के रूप में पदस्थापित थीं। वे उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की रहने वाली थी और फारबिसगंज में किराए के मकान में रहकर नरपतगंज में स्कूटी से आया-जाया करती थीं।
घटना की सूचना के बाद एसपी अंजनी कुमार, फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साह,नरपतगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पड़ताल में जुट गए हैं। एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि स्कूल जाने के दौरान शिवानी नाम की शिक्षिका की गोली मारकर हत्या की गई है। वह इस मामले को देख रहे हैं। हर एंगल से डिडक्शन हो रहा है। अपराधी चाहे जो भी हो बक्से नहीं जाएंगे। जल्द ही उसे चिन्हित गिरफ्तार किया जाएगा।

