23 जुलाई, 2026
25 जुलाई को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक।
श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.), जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ शौर्य सुमन भा०पु०से० की संयुक्त अध्यक्षता में महानंदा सभागार, पूर्णिया में बिहार सरकार द्वारा आमजनों के हित में संचालित कार्यक्रमों एवं नीतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से दिनांक 25 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्यस्तरीय कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सहित अन्य माननीय मंत्रीगण एवं विधान मंडल के माननीय सदस्यगण की उपस्थिति संभावित है। इसके आलोक में पूर्णिया जिला में भी जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्थानीय माननीय सांसदगण, माननीय विधायकगण, माननीय विधान परिषद सदस्यगण, जिला परिषद अध्यक्ष/उपाध्यक्ष, महापौर, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किए जाने का निर्देश सभी सबंधित अधिकारी को दिया गया।

जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देश दिया गया कि जिला की प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट कार्ड बुकलेट एवं डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार कर प्रस्तुत की जाए, जिसमें सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों का संचालन, बिहार स्कूल लाइव क्लासेज, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएँ, नए राशन कार्ड, सहयोग शिविर, पंचायत विकास दिवस, आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजनाएँ, प्रगति एवं समृद्धि यात्रा के अंतर्गत योजनाओं की प्रगति, पर्यटन, उद्योग, निवेश एवं रोजगार सृजन सहित विभिन्न विभागों की उल्लेखनीय उपलब्धियों को समाहित किया जाए
जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर लाइव प्रसारण के लिए टीवी स्क्रीन, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, फ्लेक्स एवं बैनर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। सभी कार्यक्रम का जिले के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—फेसबुक, यूट्यूब एवं इंस्टाग्राम—पर प्रदर्शित किया जाय।
जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधियों, सीएलएफ/ग्राम संगठन से जुड़ी महिलाओं, उद्यमियों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियाँ निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा विधि व्यवस्था को लेकर सभी थानाध्यक्ष एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक मे,अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर,अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी, राजस्व प्रभारी सह वरीय उपसमाहर्ता सीलीमा कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी हम संबंधित पदाधिकारी का उपस्थित थे तथा प्रखंड एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े हुए थे।

