बिहार पैवेलियन को भारत टेक्स 2026 में लगातार मिल रही सराहना, तीसरे दिन भी उमड़ी आगंतुकों की भीड़

बिहार पैवेलियन को भारत टेक्स 2026 में लगातार मिल रही सराहना, तीसरे दिन भी उमड़ी आगंतुकों की भीड़

नई दिल्ली/पटना, 16 जुलाई 2026

भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स 2026 के तीसरे दिन भी उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा स्थापित बिहार पैवेलियन उद्योग जगत, नीति-निर्माताओं, खरीदारों, टेक्सटाइल उद्यमियों एवं अन्य हितधारकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में आगंतुकों ने बिहार के विकसित हो रहे वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र, निवेश-अनुकूल नीतियों तथा औद्योगिक अवसरों की जानकारी प्राप्त की।

तीसरे दिन आंध्र प्रदेश सरकार की हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री श्रीमती एस. साविता, इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के अध्यक्ष श्री जावेद अशरफ, महाराष्ट्र के रेशम निदेशालय (Directorate of Sericulture, Maharashtra) के उप निदेशक डॉ. महेंद्र बी. धावले तथा बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यापारी आयोग के नामित सदस्य श्री रोहित चंद्र ने बिहार पैवेलियन का भ्रमण किया।

इस अवसर पर हथकरघा एवं रेशम निदेशालय के निदेशक डॉ. विद्या नंद सिंह, एमएसएमई निदेशक श्री अमन समीर तथा उद्योग निदेशक श्री मुकुल कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों को बिहार के टेक्सटाइल एवं अपैरल क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों, उद्योग-अनुकूल नीतियों, कौशल विकास पहलों तथा राज्य में विकसित हो रहे औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी गई। उन्होंने बिहार की समृद्ध वस्त्र एवं हस्तशिल्प विरासत, जीआई-टैग उत्पादों, निवेश संभावनाओं तथा औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

बिहार पैवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध वस्त्र परंपरा, जीआई-टैग उत्पादों, हस्तशिल्प, आधुनिक औद्योगिक दृष्टिकोण तथा टेक्सटाइल एवं अपैरल वैल्यू चेन में उपलब्ध व्यापक निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रदर्शनी के दौरान अनेक निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं खरीदारों ने बिहार में निवेश एवं औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं में विशेष रुचि दिखाई।

भारत टेक्स 2026 के तीसरे दिन प्राप्त उत्साहजनक प्रतिक्रिया इस बात का प्रमाण है कि बिहार वस्त्र एवं परिधान उद्योग के क्षेत्र में देश के उभरते हुए निवेश गंतव्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है। राज्य की समृद्ध परंपरा, कुशल मानव संसाधन, प्रगतिशील नीतियां तथा विकसित होता औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र बिहार को टेक्सटाइल निवेश के लिए एक आकर्षक विकल्प बना रहे हैं।

उद्योग विभाग ने सभी निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं आगंतुकों से 17 जुलाई 2026 तक हॉल संख्या-11, स्टॉल A4, भारत मंडपम, नई दिल्ली स्थित बिहार पैवेलियन का भ्रमण कर राज्य के टेक्सटाइल एवं अपैरल क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित होने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!