हाजीपुर में एनएच-122 एवं 22 पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी, खबर पर प्रशासन का स्पष्टीकरण
15 जून, पटना/वैशाली।
प्रभात खबर में प्रकाशित खबर ‘वैशाली के एनएच-22 और एनएच-122बी पर हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों से हादसों का खतरा बढ़ गया है। कई दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।‘ के संबंध में जिला प्रशासन ने स्पष्टीकरण जारी किया है।
प्रशासन ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश एवं परिवहन विभाग के निर्देशों के आलोक में नेशनल हाईवे (एनएच 122 एवं 22) पर सड़क किनारे खड़े वैसे वाहन जिनसे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है, उनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जारी स्पष्टीकरण में बताया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 6 जून 2026 से लगातार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार चल रहे इस अभियान के तहत अब तक कुल 1.79 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई लगातार चल रही है और सड़क सुरक्षा के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
एनएच-122 एवं 22 पर अवैध अथवा खतरनाक ढंग से खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जा रही है तथा अभियान आगे भी जारी रहेगा।

