राजस्व कर्मचारी निलंबित, CO पर भी गिरेगी गाज

भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, बनमनखी अंचल के राजस्व कर्मचारी निलंबित, CO पर भी गिरेगी गाज

पूर्णिया। 05.05.2026

जिला प्रशासन ने भ्रष्टाचार और कार्यशैली में अनियमितता के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार ने बनमनखी अंचल के राजस्व कर्मचारी श्री रौशन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, अंचल अधिकारी (CO) श्री अजय कुमार रंजन के विरुद्ध भी प्रपत्र ‘क’ गठित कर विभागीय कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
यह मामला बनमनखी अंचल के नौलखी गांव की रहने वाली आवेदिका मासोमत उर्मिला देवी पति स्वर्गीय श्यामल मंडल के परिवाद पत्र से जुड़ा है। जांच में पाया गया कि राजस्व कर्मचारी और अंचल अधिकारी ने नियमों को ताक पर रखकर, आवेदिका के पुत्र को एकमात्र वारिस मानते हुए नामान्तरण (म्युटेशन) आवेदन को उसी दिन स्वीकृत कर पोर्टल पर दर्ज कर दिया था। प्रमंडलीय आयुक्त की सुनवाई में इस प्रक्रिया को गलत कार्यकलापों और अनियमितता का दोषी पाया गया।
निलंबन और मुख्यालय निर्धारण
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राजस्व कर्मचारी रौशन कुमार को बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005 के तहत 27 अप्रैल 2026 के प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय अनुमंडल कार्यालय, बायसी निर्धारित किया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही से समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी स्तर पर कदाचार या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध इसी तरह की सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से जिले के राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!