भवानीपुर में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर व फर्जी नर्सिंग होम पर प्रशासन सख्त, रिपोर्ट सौंपी
भवानीपुर/संवाददाता बमबम यादव
भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वर्षों से संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों और फर्जी नर्सिंग होम के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य माफिया के विरोध लगातार चलाए गए विशेष जांच अभियान के बाद जांच दल ने अपनी रिपोर्ट एवं संबंधित साक्ष्य वरीय अधिकारियों को सौंप दिए हैं।
जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने प्रखंड क्षेत्र के कई संस्थानों में गहन जांच की। इस दौरान कई अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद पाए गए, जिनकी फोटोग्राफी भी कराई गई। जांच दल में एडीएसओ रविंद्र राय, अनुमंडल रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एहतमामुल तथा कसबा अस्पताल की बीएचएम अपराजिता शामिल थीं।

अधिकारियों ने बताया कि जांच से संबंधित सभी रिपोर्ट और फोटो साक्ष्य वरीय अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। आदेश मिलते ही अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड सेंटरों को सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई का असर क्षेत्र में स्पष्ट रूप से देखा गया, जहां एक दर्जन से अधिक अवैध सेंटर और जांच घर बंद रहे। कई संस्थानों ने अपने बैनर-पोस्टर तक हटा लिए, वहीं कुछ कथित एमबीबीएस चिकित्सक अपने नर्सिंग होम छोड़कर फरार हो गए।
प्रशासन की इस सख्ती से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

