पूर्णिया में शराब और नशीली दवाओं के खिलाफ महा-अभियान
पूर्णिया में शराब और नशीली दवाओं के सिंडिकेट पर प्रशासन का महा-प्रहार, हड़कंप!

पूर्णिया: बिहार में पूर्णिया जिला प्रशासन ने शराब माफियाओं और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबारियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार और पुलिस अधीक्षक सुश्री स्वीटी सहरावत के संयुक्त कड़े निर्देशों के बाद, पूरे जिले में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

4 दिनों में 405 ठिकानों पर छापेमारी
मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने 18 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 के बीच जिले के कोने-कोने में कुल 405 सघन छापेमारी की। इस कार्रवाई से शराब के निर्माणकर्ताओं, विक्रेताओं और परिवहनकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस दौरान 27 धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है और कुल 35 अभियोग दर्ज किए गए हैं।


लाखों की बरामदगी और मेडिकल स्टोर्स पर नकेल
प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान 1954.750 लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 6,35,700 रुपये आंकी गई है। सिर्फ शराब ही नहीं, बल्कि औषधि निरीक्षक के साथ मिलकर जिले की मेडिकल दुकानों की भी सघन जांच की जा रही है। टीम कोडीन युक्त सिरप, स्प्रिट और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर पैनी नजर रख रही है।

प्रशासन की चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि गैर-कानूनी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

