पूर्णिया में अवैध वसूली का आरोप, दुकानदारों से 50 रुपये तक वसूले जा रहे, पत्रकार को मिली धमकी
पुर्णिया/बमबम यादव
पूर्णिया शहर के भट्ठा बाजार क्षेत्र में नगर निगम टैक्स के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि संवेदक और उनके सहयोगियों द्वारा सड़क किनारे दुकान लगाकर जीवन यापन करने वाले फुटकर विक्रेताओं से 40 से 50 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
जबकि निर्धारित व्यवस्था के अनुसार छोटे दुकानदारों से मात्र 10 रुपये लेने का प्रावधान है और सड़क किनारे छोटे स्तर पर दुकान लगाने वाले गरीबों से किसी प्रकार की वसूली का स्पष्ट प्रावधान नहीं है। इसके बावजूद उनसे पैसे लिए जा रहे हैं और रसीद में राशि का उल्लेख भी नहीं किया जा रहा, जिससे अनियमितता की आशंका गहरा गई है।

इस खुलासे के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है और तथाकथित जनप्रतिनिधियों व संबंधित लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। गरीब दुकानदारों का आरोप है कि उनसे जबरन वसूली की जा रही है और विरोध करने पर दबाव बनाया जाता है।
इसी बीच, इस मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को भी संवेदक की ओर से जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप सामने आया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है, ताकि गरीब दुकानदारों का शोषण रोका जा सके।

