बनमनखी : ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में फार्मर रजिस्ट्री हेतु किसानों में जबरदस्त उत्साह
दिनांक 21 जनवरी 2026 को बनमनखी प्रखंड के रूपौली दक्षिण पंचायत अंतर्गत शिलानाथ रूपौली ग्राम में “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष फार्मर रजिस्ट्री (Farmer Registry) कैम्प का सफल आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म एग्रीस्टैक (AgriStack) से जोड़ते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना था।

कैम्प के दौरान माननीय विधायक, बनमनखी श्री कृष्ण कुमार ऋषि एवं जिला पदाधिकारी, पूर्णिया श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) द्वारा कृषि विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में उन्होंने कृषि समन्वयकों, बीटीएम, एटीएम, किसान सलाहकारों, राजस्व कर्मियों, अमीन एवं सीएससी द्वारा फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की तथा उपस्थित किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया।
मंच से संबोधित करते हुए माननीय विधायक महोदय एवं जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि आधुनिक, लाभकारी एवं तकनीक आधारित कृषि के लिए किसानों की डिजिटल पहचान (FR ID) अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त कृषि योजनाओं का लाभ लक्षित, पारदर्शी एवं सुगम रूप से प्राप्त होगा।
इस क्रम में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले का कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे।
उक्त शिविर में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी रही। कृषि विभाग के अधिकारियों, कर्मियों, राजस्व कर्मचारियों एवं CSC संचालकों के समन्वित प्रयास से शिविर को सफल बनाया गया, जिनकी भूमिका सराहनीय रही।

बुधवार को आयोजित विशेष कैम्प में करीब 100 से अधिक किसानों का eKYC करते हुए FR ID सफलतापूर्वक सृजित किया गया एवं 125 से ज्यादा किसानों का बिहार कृषि ऐप पर पंजीकरण कराया गया ।
अब तक जिले में लगभग 1.94 लाख किसानों का eKYC सत्यापन एवं 1.13 लाख से अधिक किसानों का FR ID सृजित कर राज्य स्तर पर पूर्णिया जिला को शीर्ष ५ जिलों की श्रेणी में लाया गया है जो जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
विदित हो कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। इसका प्रथम चरण दिनांक 06 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक तथा द्वितीय चरण 17 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक संचालित किया गया।

यद्यपि आज कैम्प मोड का अंतिम दिन था, तथापि फार्मर रजिस्ट्री का कल से CSC अपने केंद्र पर अपने स्तर से किसानों के बीच प्रचार प्रसार करते हुए कैम्प मोड में कार्य जारी रखेंगे ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे।
सभी CSC को PM किसान के लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई गई है, साथ ही CSC को निदेश दिया गया है कि अगले एक सप्ताह में प्राथमिकता के तौर पर सत प्रतिशत योग्य PM किसान के लाभार्थियों का फार्मर ID बनाना सुनिश्चित करेंगें। ।
फार्मर रजिस्ट्री हेतु निम्नलिखित तीन दस्तावेज आवश्यक हैं—
1. आधार कार्ड
2. अद्यतन भूमि रसीद (जिन किसानों के नाम जमाबंदी है)
3. मोबाइल नंबर
जो किसान अब तक किसी कारणवश फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पाए हैं, वे कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार अथवा हल्का कर्मचारी, नजदीकी CSC/वसुधा केंद्र अथवा बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से अपना FR ID बनवा सकते हैं।

उक्त कार्यक्रम में हरिद्वार प्रसाद चौरसिया जिला कृषि पदाधिकारी, पूर्णिया, सुदामा ठाकुर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बनमनखी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिला कृषि पदाधिकारी, पूर्णिया द्वारा समस्त किसान बंधुओं से अपील की जाती है कि वे डिजिटल एवं आधुनिक खेती की दिशा में आगे बढ़ते हुए शीघ्र अपना फार्मर रजिस्ट्री (FR ID) अवश्य बनवाएं। साथ ही CSC संचालकों से भी अपील की जाती है कि वे अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करें।

