जमीन विवाद में मुख्य संपर्क पथ बंद, कंटीले तार लगाकर रोका आवागमन; लाखों लोग परेशान
रूपौली (पूर्णिया): रूपौली प्रखंड के विजय मोहनपुर पंचायत अंतर्गत मालपुर, बलिया, अंझरी, भौवा परबल, दिना सिंह वासा, बिंदटोली और टोपरा समेत कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क पथ वर्षों पुराने भूमि विवाद के कारण पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क पर कंटीले तार लगाकर आवागमन रोक दिए जाने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार विवाद विजय मोहनपुर पंचायत के मोहनपुर मौजा और बलिया मौजा की सीमा से जुड़ा है। कई बार सरकारी स्तर पर भूमि की मापी कराई जा चुकी है, जिसमें सड़क निर्माण के लिए लगभग 4 से 6 फीट भूमि उपलब्ध होने की बात सामने आई। इसके बावजूद आपसी विवाद के कारण सड़क निर्माण का कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच कई बार आपसी सहमति भी बनी, लेकिन हर बार विवाद दोबारा उभर आने से मामला अधर में लटक गया। फिलहाल सड़क पर कंटीले तार लगा दिए गए हैं, जिससे पूरी तरह आवागमन ठप हो गया है और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर भूमि विवाद का स्थायी समाधान कराने तथा सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग के चालू होने से हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और क्षेत्र का आवागमन सामान्य हो सकेगा।
ग्रामीणों ने यह भी मांग उठाई है कि सीमा क्षेत्र में उपलब्ध बिहार सरकार की भूमि पर विद्युत विभाग का पावर सबस्टेशन स्थापित किया जाए। उनका कहना है कि इससे मोहनपुर थाना क्षेत्र सहित आसपास के कई गांवों को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने जिले के वरीय अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है, ताकि वर्षों से लंबित इस जनसमस्या का स्थायी समाधान हो सके और बंद पड़ा मुख्य संपर्क पथ फिर से आम लोगों के लिए खोला जा सके।

