27 जुलाई 2026
मद्यनिषेध विभाग की कार्रवाई में 60.480 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार, टेम्पू जब्त
पूर्णिया जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से मद्यनिषेध विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को मद्यनिषेध थाना सदर की टीम ने बनभाग चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध टेम्पू को रोककर उसकी तलाशी ली गई । तलाशी के दौरान वाहन से कुल 60.480 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके पर मौजूद एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया एवं टेम्पू को भी विधिवत रूप से जब्त किया गया है ।

मद्यनिषेध विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बरामद शराब को जब्त करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध मद्यनिषेध थाना सदर में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) एवं 47 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुँचाया जाना था।
मद्यनिषेध विभाग द्वारा आमजनों से अपील किया गया है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

