पूर्णिया में 138 लीटर अवैध शराब के साथ 10 तस्कर गिरफ्तार!
पूर्णिया:बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से पूर्णिया जिला प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार के दिशा-निर्देशों पर मद्यनिषेध विभाग और पुलिस की विशेष टीम ने 14 जुलाई 2026 को अवैध शराब के नेटवर्क को नेस्तनाबूद कर दिया।
जिले के दालकोला समेकित जांच चौकी, मद्यनिषेध थाना सदर और मद्यनिषेध थाना धमदाहा क्षेत्र में चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 138.550 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी और सेवन के आरोप में 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 02 मोटरसाइकिल और 01 साइकिल को जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में 02 तस्कर, 01 विक्रेता और 07 शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति शामिल हैं। सभी के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 02 फरार अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पूरी खबर
जिला पदाधिकारी पूर्णिया श्री अंशुल कुमार (भा०प्र०से०) के दिशा निर्देश के आलोक में जिलांतर्गत मद्यनिषेध विभाग एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अभियान के तहत् मद्म निषेध विभाग पूर्णिया द्वारा दिनांक 14 जुलाई 2026 को 138.550 लीटर शराब/बीयर बरामद तथा 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार और 02 मोटरसाइकिल एवं 01 साइकिल जब्त किया गया है। मद्यनिषेध विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण,परिवहन, भंडारण, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिनांक 14 जुलाई 2026 को जिला के विभिन्न मद्यनिषेध थाना क्षेत्रों एवं समेकित जांच चौकियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 138.550 लीटर शराब/बीयर बरामद की गई तथा विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
जो क्रमशः
01.दालकोला समेकित जांच चौकी (बायसी थाना क्षेत्र) में सघन वाहन जांच के दौरान दो अलग-अलग मामलों में कुल 59.450 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। प्रथम मामले में 45.200 लीटर बीयर एवं विदेशी शराब के साथ एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। द्वितीय मामले में 14.250 लीटर विदेशी शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। उक्त दोनों मामलों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की धारा 30(a) एवं 47 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में धारा 37(1) के अंतर्गत दालकोला समेकित जांच चौकी पर 05 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है ।जिन्हें आवश्यक विधिक कार्रवाई के उपरांत माननीय न्यायालय में त्वरित उपस्थापित किया जा रहा है।
02.सदर मद्यनिषेध थाना द्वारा दो अलग-अलग मामलों में कुल 78.600 लीटर विदेशी शराब/बीयर बरामद की गई है। प्रथम मामले में 12.600 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है। द्वितीय मामले में 66.000 लीटर विदेशी बीयर के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की धारा 30(a) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई त्वरित की जा रही है।इसके अतिरिक्त, सदर मद्यनिषेध थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई के दौरान 0.500 लीटर चुलाई शराब एवं एक साइकिल के साथ अवैध शराब विक्रय में संलिप्त एक विक्रेता को गिरफ्तार किया गया है ।उक्त अभियुक्त के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की धारा 30 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

03.धमदाहा मद्यनिषेध थाना द्वारा अवैध शराब के सेवन के विरुद्ध चलाए गए अभियान में धारा 37 के अंतर्गत 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उक्त सभी कार्रवाइयों में कुल 138.550 लीटर शराब/बीयर बरामद की गई और 10 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए तथा 2 मोटरसाइकिल एवं 1 साइकिल जब्त की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में 02 शराब तस्कर/परिवहनकर्ता, 01 अवैध शराब विक्रेता, 07 शराब सेवनकर्ता धारा 37(1) के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त 02 अभियुक्त फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है।जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूर्णिया द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण,परिवहन,भंडारण, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के अनुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पूर्णिया प्रशासन का संदेश साफ है अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

