गयाजी के खिजरसराय में बनेगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम :- मुख्यमंत्री

15/06/2026

गयाजी के खिजरसराय में बनेगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम :- मुख्यमंत्री

मुख्य बिन्दु :-

मुख्यमंत्री ने गयाजी के खिजरसराय में प्रौद्योगिकी केंद्र का किया शिलान्यास ।

बिहार में वर्ष 2022 में एम०एस०एम०ई० की संख्या 6 लाख थी जो अब बढ़कर 46 लाख से अधिक हो गयी है। 1 करोड़ 87 लाख लोगों को सीधा रोजगार मिल रहा है।

देश में सबसे सस्ती और निर्बाध बिजली आपूर्ति करनेवाला राज्य बिहार है।

हमने व्यवस्था कर दी है कि सभी सामाजिक पेंशनधारियों को उनके खाते में पेंशन की राशि हर महीने की 10 तारीख को चली जाएगी।

खिजरसराय में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के लिए 40 एकड़ जमीन बिहार सरकार उपलब्ध कराएगी।

माता सीता के श्राप से फल्गू नदी को मुक्त कराएंगे। इंद्रपुरी जलाशय, सोन नदी और बाण सागर समझौता से प्राप्त पानी को हर हालत में फल्गू नदी में लाया जाएगा।

पटना, 15 जून 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी एवं केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री जीतन राम मांझी ने संयुक्त रूप से आज गयाजी जिला स्थित खिजरसराय में प्रौद्योगिकी केंद्र, गयाजी का रिमोट का बटन दबाकर शिलान्यास किया तथा भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान गयाजी-इस्लामपुर-खिजरसराय पथ के 20वें कि०मी० से टेक्नोलॉजी सेंटर (देवगांव) तक पथ का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आपके बीच आए हैं, मुझे प्रसन्नता हो रही है। मेरा सौभाग्य है कि आज के दिन आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्ववाली सरकार की तीन योजनाओं की तीन जगहों पर खिजरसराय, आरा और पटना में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिल रहा है। यहां 170 करोड़ की योजनावाली प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास कर काफी खुशी हो रही है। इस प्रौद्योगिकी केंद्र के लिए पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी ने जमीन उपलब्ध कराई थी। पहले एम०एस०एम०ई० मंत्रालय को लोग ठीक से जानते भी नहीं थे, लेकिन आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार के दौरान इस विभाग में काफी काम हुये हैं। श्री जीतन राम मांझी जी ने भी इस

विभाग के मंत्री रहते हुए काफी कार्य किए हैं। बिहार में वर्ष 2022 में एम०एस०एम०ई० की संख्या 6 लाख ही थी जो अब बढ़कर 46 लाख से अधिक हो गयी है। इसमें 1 करोड़ 87 लाख लोगों को सीधा रोजगार प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार बदल रहा है। राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी ने बिजली, सड़क, हर घर नल का जल सहित कई क्षेत्रों में विकास के कार्य किए। जीविका दीदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा। राज्य में बिजली क्रांति आई। जहां वर्ष 2005 तक 17 लाख परिवारों को बिजली का कनेक्शन उपलब्ध था। वहीं आज 2 करोड़ 22 लाख परिवार को सीधे बिजली कनेक्शन मिला हुआ है। इस देश में सबसे सस्ती और निर्बाध बिजली आपूर्ति करनेवाला राज्य बिहार है। हमलोग अपने उपभोक्ताओं को 23 हजार करोड़ रुपये की बिजली सब्सिडी दे रहे हैं। सभी लोगों को 125 यूनिट बिजली फ्री दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कल ही हमने पी०एम० सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की है जिससे गरीब भाई-बहनों को काफी फायदा होगा और इससे सोलरयुक्त बिजली को बढ़ावा मिलेगा। जिनके यहां सोलरयुक्त बिजली उत्पादन होगी 125 यूनिट के बाद 126वीं यूनिट से उस बिजली का पैसा भी उनके खाते में जाएगा। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी ने जी०एस०टी० लागू की। जी०एस०टी० के लागू होने से आर्थिक क्षेत्र में काफी लाभ हो रहा है। जैसे ही उपभोक्ता कोई सामान खरीदता है वैसे ही देश की अर्थव्यवस्था में सीधा अपना योगदान देता है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ा है। हमलोगों का सपना है बिहार समृद्ध होगा तो देश भी समृद्ध होगा। बिहार की समृद्धि के लिए उद्योग के क्षेत्र में तेजी से काम करना होगा और प्रशासनिक तंत्र को दृढ़ता के साथ कार्य करना होगा। बिहार को आगे ले जाना है तो 24 घंटे में 20 घंटे काम करना होगा। क्राइम, करप्शन और कम्युनिलिज्म से किसी प्रकार समझौता नहीं होगा। हमने पुलिस को कह दिया है कि जो अपराधी पुलिस को चैलेंज करेगा उसे 48 घंटे के अंदर जवाब दें। अपराधियों का गयाजी में पिंड दान होगा या जेल में रहेंगे। ढेर सारे अपराधी बिहार छोड़कर चले गए हैं जो बचे हुए हैं उनका पता बताइए, उनपर तुरंत कार्रवाई होगी। भ्रष्टाचार से लड़ना है, न खाना है न किसी को खाने देना है। जब सभी लोग मिलकर काम करेंगे तो बिहार समृद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल सहयोग शिविर का आयोजन है। हमने व्यवस्था कर दी है कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए आवेदन देते हैं तो 10 दिन में समाधान नहीं होता है तो 11वें दिन संबद्ध पदाधिकारी को पहला नोटिस जाएगा। 20 दिन में नहीं करते हैं तो 21वें दिन दूसरा नोटिस जाएगा, 25 दिन में नहीं होता है तो 26वें दिन तीसरा नोटिस जाएगा और 30 दिन में आवेदन का निष्पादन नहीं करेगा तो 31वें दिन निलंबन का नोटिस जाएगा। आम लोगों की समस्या का समाधान हर हालत में करना है। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग को धन्यवाद देते हैं कि बिहार में उद्योग लगाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। उद्योग विभाग में उद्योग लगाने के लिए जो आवेदन करेंगे अगर क्लीयरेंस नहीं होता है तो 31 वें दिन मुख्यमंत्री के आदेश से परमिट मिल जाएगा। हम बिहार की जनता के लिए तथा बिहार की समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। बिहार समृद्ध होगा तो लोगों के बीच खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि हमने व्यवस्था कर दी है कि सभी सामाजिक पेंशनधारियों को हर महीने की 10 तारीख को उनके खाते में पेंशन की राशि चली जाएगी। 1 करोड़ 81 लाख बहनों के खाते में रोजगार शुरू करने के लिए 10-10 हजार की राशि भेजी जा चुकी है। 20 लाख रोजगार करनेवाली बहनों को चिह्नित कर उनके खाते में दूसरी किस्त की राशि भेजी जाएगी और जो भी बची हुई बहनें हैं उनके खाते में भी 10-10 हजार की राशि भेजी जाएगी। हमलोगों की कोशिश है कि जिस दिन माननीय प्रधानमंत्री जी और माननीय केन्द्रीय गृह मंत्री जी बिहार आएंगे, उस दिन इस कार्य को मूर्त रूप दिया जाएगा। सबका साथ, सबका विकास के लिए हमलोग कार्य कर रहे हैं। 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं। सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। इन स्कूलों में ऐसी शिक्षा की गुणवत्ता होगी कि नेता और अफसर के बच्चे भी इसमें पढ़ेंगे। उस दिन मेरा सपना पूरा होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री आदरणीय श्री जीतन राम मांझी जी को खिजरसराय और अतरी को मुख्यधारा में लाने के लिए धन्यवाद देते हैं। हम भगवान श्रीराम के वंशज लव-कुश हैं। माता सीता के श्राप से फल्गू नदी को मुक्त कराएंगे। इंद्रपुरी जलाशय, सोन नदी और बाण सागर समझौता से प्राप्त पानी को हर हालत में फल्गू नदी में लाने का काम किया जाएगा। खिजरसराय में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम खोलने के लिए 40 एकड़ जमीन राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि हमें 14 करोड़ बिहारियों की जिम्मेवारी मिली है। बिहारी देश में विभिन्न पदों पर तथा विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान दे रहे हैं। हम बिहार में ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं कि बिहारी लौटकर बिहार आएंगे और बिहार को सुंदर एवं समृद्ध बनाने में अपना योगदान देंगे। 170 करोड़ रुपये लागत की प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास किया गया है। इसके बगल में सड़क, स्टेडियम बनाया जाएगा। आप सब यहां आए हैं, आप सभी को धन्यवाद देता हूं।

कार्यक्रम के दौरान एम०एस०एम०ई० भारत सरकार के विकास आयुक्त सह अपर सचिव श्री रजनीश कुमार ने मुख्यमंत्री को अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान एम०एस०एम०ई० भारत सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम को केंद्रीय सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री श्री जीतन राम मांझी ने भी संबोधित किया। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार, जिला के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, खेल एवं उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, विधायक श्री रोनित कुमार, सचिव, एम०एस०एम०ई० भारत सरकार, श्री भरत खेड़ा, विकास आयुक्त सह अपर सचिव श्री रजनीश कुमार ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री श्री संतोष कुमार सुमन, विधायक श्री उपेंद्र प्रसाद, विधायक श्रीमती मनोरमा देवी, विधायक श्री प्रफुल्ल मांझी, विधायक श्रीमती ज्योति मांझी, विधान पार्षद श्रीमती कुमुद वर्मा, विधान पार्षद श्री जीवन कुमार, पूर्व सांसद डॉ० अरुण कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, उद्योग विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ० सफीना ए०एन०, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री विकास वैभव, गया जिला के जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!